खगड़िया : जिले के वार्ड संख्या 8 निवासी अमरजीत पासवान, पिता स्वर्गीय शंकर पासवान, रोज़गार की तलाश में कर्नाटक के बेंगलुरु राज्य के अंतर्गत तुमकुर जिला में मजदूरी का कार्य करते थे।
बताया जा रहा है कि अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और सांस लेने में गंभीर परेशानी होने लगी। इसके बाद उन्हें तत्काल तुमकुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि उनकी दोनों किडनियां खराब हो चुकी हैं और स्थिति अत्यंत गंभीर है।
डॉक्टरों की सलाह पर अमरजीत पासवान को एंबुलेंस से उनके पैतृक घर खगड़िया भेजा गया। लेकिन दुर्भाग्यवश, घर पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई।
अमरजीत पासवान की असामयिक मृत्यु की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि मोहल्ले और आसपास के लोगों में भी शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।


