*मानसी नगर पंचायत के आठ घाटों पर होगी रोशनी, पंडाल और सुगम रास्ते की व्यवस्था, सुरक्षा को लेकर लोगों से भी सतर्क रहने की अपील*
जगदूत न्यूज खगड़िया बिहार ब्यूरो चिप प्रभु जी खगड़िया: लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने तथा छठ घाटों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर मानसी नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि आयुष कुमार उर्फ गोलू सिंह ने गुरुवार को डीएम विक्रम विरकर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने डीएम को नगर पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आठ छठ घाटों की जानकारी देते हुए वहां आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा की।
डीएम से मुलाकात के बाद गोलू सिंह ने पत्रकारों को बताया कि मानसी नगर पंचायत क्षेत्र के आठ छठ घाटों पर श्रद्धालु भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते हैं। इनमें मानसी-मटिहानी गंगा घाट प्रमुख है, जहां हजारों की संख्या में छठव्रती एवं श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत प्रशासन की ओर से सभी घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, पंडाल एवं सुगम रास्ते सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी, ताकि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। उन्होंने आम जनता एवं मेला कमेटी के सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि छठ घाटों पर व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा सुरक्षा के प्रति स्वयं भी सजग एवं सतर्क रहें। वहीं डीएम विक्रम विरकर ने कहा कि छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छठ घाटों पर किसी भी छठव्रती एवं श्रद्धालु को परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित लोगों को अपनी जिम्मेदारी के प्रति सजग रहने की जरूरत है।