*सांसद दिनेश चंद्र यादव के लोकसभा में मुद्दा उठाने के बाद रेलवे ने आरओबी निर्माण किया स्वीकृत, सामान्य विन्यास आरेख (GAD) अनुमोदन की प्रक्रिया जारी*
जगदूत न्यूज खगड़िया बिहार ब्यूरो चिप प्रभु जी खगड़िया मानसी रेलवे स्टेशन के पश्चिमी केबिन के निकट LC No. 30 पर राष्ट्रीय राजमार्ग-95 (मानसी–हरदी चौघारा) के ऊपर सड़क उपरिगामी पुल (ROB) निर्माण को लेकर सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने अपनी पहल तेज कर दी है। क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही यातायात समस्या के स्थायी समाधान के लिए विधायक ने अभी बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग के मंत्री कुमार शैलेन्द्र को पत्र देकर ROB निर्माण से जुड़ी विभागीय प्रक्रिया में तेजी लाने तथा रेलवे के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित करने का आग्रह किया है। मानसी के इस महत्वपूर्ण रेलवे क्रॉसिंग पर ROB निर्माण की मांग को लेकर पहले भी खगड़िया क्षेत्र की आवाज संसद में उठ चुकी है। सांसद दिनेश चंद्र यादव ने 30 जुलाई 2026 को लोकसभा में नियम-377 के तहत इस समपार फाटक पर ROB निर्माण शीघ्र कराने का मामला उठाया था। इसके बाद भारत सरकार के रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री श्री वी. सोमन्ना ने 14 सितंबर 2026 को पत्र के माध्यम से स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि संबंधित स्थान पर ROB निर्माण का कार्य स्वीकृत हो चुका है।
*रेलवे ने ROB निर्माण किया स्वीकृत*
रेल राज्य मंत्री की ओर से दिए गए पत्र के अनुसार बरौनी-कटिहार रेलखंड के किलोमीटर 115/28-29 पर समपार संख्या 30/Spl. के स्थान पर ROB निर्माण का कार्य स्वीकृत है। वर्तमान में इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए सामान्य विन्यास आरेख (General Arrangement Drawing-GAD) के अनुमोदन की प्रक्रिया चल रही है। सामान्य विन्यास आरेख (GAD) अनुमोदित होने के बाद रेलवे द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसी प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए विधायक बबलू कुमार मंडल ने अब पथ निर्माण मंत्री को पत्र दिया है, ताकि राज्य सरकार के स्तर से अपेक्षित कार्रवाई में किसी प्रकार का विलंब न हो और ROB निर्माण की प्रक्रिया जल्द धरातल पर उतर सके।फाटक बंद होने से लगती है वाहनों की लंबी कतार मानसी रेलवे स्टेशन के पश्चिमी केबिन के निकट स्थित LC No. 30 क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है। रेलवे फाटक बंद होने के दौरान यहां वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। इससे आम यात्रियों, स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यवसायियों और मरीजों सहित आपातकालीन सेवाओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए इस स्थान पर ROB का निर्माण यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के साथ-साथ लोगों के लिए सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।पथ निर्माण मंत्री से शीघ्र कार्रवाई का आग्रह विधायक बबलू कुमार मंडल ने अपने ताजा पत्र में पथ निर्माण मंत्री से आग्रह किया है कि ROB निर्माण की इस महत्वपूर्ण योजना को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए रेलवे के संबंधित अधिकारियों के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने सामान्य विन्यास आरेख (GAD) के अनुमोदन तथा अन्य आवश्यक विभागीय प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कराने की दिशा में कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। साथ ही विधायक ने राज्य सरकार एवं पथ निर्माण विभाग के स्तर से अपेक्षित प्रशासनिक, तकनीकी एवं वित्तीय कार्रवाई को भी जल्द पूरा कराने का आग्रह किया है, ताकि क्षेत्रवासियों को इस महत्वपूर्ण परियोजना का लाभ जल्द मिल सके। लंबे समय से चली आ रही समस्या का होगा स्थायी समाधान विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि मानसी क्षेत्र के लोगों की यह महत्वपूर्ण समस्या लंबे समय से बनी हुई है। ROB बनने से रेलवे फाटक पर रुकने की समस्या समाप्त होगी और मानसी क्षेत्र में आवागमन काफी सुगम हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी इस परियोजना को जल्द से जल्द धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे और राज्य सरकार के संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय से सामान्य विन्यास आरेख (GAD) के अनुमोदन से लेकर निर्माण कार्य शुरू होने तक की प्रक्रिया में तेजी आएगी।
विधायक बबलू कुमार मंडल की ओर से पथ निर्माण मंत्री को अभी दिए गए पत्र से मानसी LC-30 पर ROB निर्माण की दिशा में राज्य सरकार के स्तर पर पहल तेज होने की उम्मीद बढ़ी है। रेलवे स्तर पर निर्माण की स्वीकृति और सामान्य विन्यास आरेख (GAD) अनुमोदन की प्रक्रिया के बाद अब राज्य सरकार के स्तर पर आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ने से क्षेत्रवासियों को वर्षों पुरानी समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद जगी है।



