खगड़िया : किसान संघर्ष समिति की ओर से गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026 को पटना में किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत सुबह 11 बजे गांधी मैदान स्थित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद किसानों के प्रति महात्मा गांधी के विचारों पर गोष्ठी आयोजित की जाएगी।
किसान संघर्ष समिति के राष्ट्रीय प्रवक्ता किरण देव यादव ने बताया कि दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक आईएमए हॉल, पटना में किसान महापंचायत आयोजित होगी। इस दौरान किसानों की 17 सूत्री मांगों पर विचार-विमर्श किया जाएगा तथा किसानों की समस्याओं और मांगों को लेकर सामूहिक उपवास भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि महापंचायत में ज्यूरी टीम किसानों की समस्याएं और विचार सुनेगी। इसके बाद निष्कर्ष के आधार पर कृषि मंत्री, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रपति को किसानों की मांगों से संबंधित स्मार-पत्र भेजा जाएगा।
कार्यक्रम में किसान संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मंजय कुमार, राष्ट्रीय प्रवक्ता किरण देव यादव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रणजीत कुशवाहा, राष्ट्रीय सचिव सरयू प्रसाद यादव, राष्ट्रीय संयुक्त सचिव सुरेश यादव, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष जयंत पप्पू, राष्ट्रीय संयोजक जय राम सिंह, राष्ट्रीय समन्वयक जवाहर यादव, कार्यकारी अध्यक्ष सिद्धनाथ कुमार, मीडिया प्रभारी नवीन कुमार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे। आयोजन में बिहार के विभिन्न जिलों से करीब 500 किसान प्रतिनिधियों के भाग लेने की बात कही गई है।
किरण देव यादव ने बताया कि 13 सितंबर 2026 को गांधी मैदान स्थित गांधी प्रतिमा के निकट किसानों की बैठक में महापंचायत आयोजित करने का निर्णय लिया गया था। उन्होंने बिहार के किसानों से अधिक से अधिक संख्या में पटना पहुंचकर महापंचायत में शामिल होने की अपील की। खगड़िया से भी दर्जनों किसानों के कार्यक्रम में भाग लेने की बात कही गई है।


