*युवा संवाद में गूंजा आत्मनिर्भर भारत और नशामुक्त बिहार का संकल्प
जगदूत न्यूज खगड़िया बिहार ब्यूरो चिप प्रभु जी खगड़िया, 03 नवम्बर। शहर के जेल रोड स्थित आईटीआई महिला कॉलेज में मंगलवार को युवा संवाद कार्यक्रम का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन सदर विधायक व जदयू अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बबलू कुमार मंडल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर संस्थान की प्राचार्या सविता कुमारी आदि शिक्षकों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत, सम्मान एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, छात्राओं एवं शिक्षकों की सहभागिता रही। युवाओं को संबोधित करते हुए विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि सकारात्मक सोच, दृढ़ संकल्प, शिक्षा और कौशल के समन्वय से ही आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा। युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी और परिवर्तन के वास्तविक वाहक होते हैं। इसलिए युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। लोकतांत्रिक अधिकारों की चर्चा करते हुए बतौर विधायक ने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण संवैधानिक जिम्मेदारी भी है। युवा अपने मताधिकार का विवेकपूर्ण प्रयोग करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए शत-प्रतिशत मतदान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए श्री मंडल ने कहा कि नशामुक्त युवा ही सशक्त बिहार और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रख सकते हैं। सूखा नशा सहित विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थ युवाओं की प्रतिभा, स्वास्थ्य और भविष्य को गंभीर रूप से प्रभावित कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल विकास और रोजगार पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने आगे कहा कि खगड़िया के सर्वांगीण विकास में युवाओं की सकारात्मक सोच और रचनात्मक भागीदारी निर्णायक साबित होगी। स्वच्छ, शिक्षित, स्वस्थ, सशक्त एवं समतामूलक समाज के निर्माण में युवाओं को आगे आना होगा।
इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्या सविता कुमारी, जिला युवा अधिकारी मयंक, प्राचार्य शिव शंकर कनौजिया, कार्यक्रम पर्यवेक्षक राजीव नेहन कुमार, जदयू के पूर्व छात्र जिला अध्यक्ष सिद्धांत सिंह छोटू, शिक्षकगण एवं सैकड़ों छात्राएं उपस्थित थीं। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण और शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प लिया।