*पंजीकृत ग्राम रक्षा दल के सकारात्मक भविष्य को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित, पंचायत एवं प्रखंड अध्यक्ष हुए सम्मानित*
जगदूत न्यूज खगड़िया बिहार ब्यूरो चिप प्रभु जी खगड़िया जिले के गोगरी प्रखंड स्थित आदर्श संकुल संसाधन केंद्र मध्य विद्यालय पीपरपांती के प्रांगण में रविवार को पंजीकृत बिहार राज्य दलपति एवं ग्राम रक्षा दल की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खगड़िया जिला अध्यक्ष गजेंद्र कुमार ने की। बैठक प्रदेश महामंत्री कमलेश कुमार राय के निर्देशानुसार आयोजित की गई। संगठन का पंजीयन संख्या 4152/12 है। जिला अध्यक्ष गजेंद्र कुमार ने कहा कि ग्राम रक्षा दल के सदस्यों ने लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष किया है। संगठन को उम्मीद है कि सरकार जल्द ही ग्राम रक्षा दल के हित में सकारात्मक निर्णय लेगी। उन्होंने सभी सदस्यों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने की अपील की।
प्रदेश महामंत्री कमलेश कुमार राय के निर्देश पर आयोजित बैठक में संगठन की मजबूती, ग्राम रक्षा दल के भविष्य और सरकार के स्तर पर होने वाली सकारात्मक पहल को लेकर चर्चा की गई।
सदस्यों को संगठन के प्रति समर्पित रहकर कार्य करने का संदेश दिया गया। जिला सचिव गौतम कुमार चौरसिया ने कहा कि पंजीकृत बिहार राज्य दलपति एवं ग्राम रक्षा दल के लिए बहुत जल्द सकारात्मक दिन आने की उम्मीद है। सरकार के स्तर पर सकारात्मक पहल की तैयारी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि ग्राम रक्षा दल के सदस्यों को धैर्य और एकजुटता बनाए रखनी चाहिए। संगठन को विश्वास है कि लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान जल्द होगा। भागलपुर जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार मंडल ने कहा कि ग्राम रक्षा दल के सदस्यों को अपने अधिकारों के लिए संगठित रहना होगा। सभी जिलों के पदाधिकारियों के बीच आपसी समन्वय और एकता जरूरी है। बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष गजेंद्र कुमार ने विभिन्न पंचायतों के अध्यक्षों एवं प्रखंड अध्यक्षों को सम्मानित किया। मौके पर संगठन के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
⚡




