*ग्रामीणों ने विधायक एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम का गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया*
जगदूत न्यूज खगड़िया बिहार ब्यूरो चिप प्रभु जी खगड़िया जिले के बेलदौर प्रखंड अंतर्गत कंजरी पंचायत के वार्ड नंबर 5 में नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन शनिवार को बेलदौर विधायक पन्नालाल सिंह पटेल ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के साथ ही स्थानीय ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है। इस अवसर पर विधायक पन्नालाल सिंह पटेल ने कहा कि अब ग्रामीणों को छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। गांव में ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। केवल गंभीर स्थिति में ही मरीजों को बड़े अस्पतालों में रेफर करने की आवश्यकता पड़ेगी। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम का गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया। ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि लंबे समय से उप स्वास्थ्य केंद्र के भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इससे पहले एक छोटे से निजी कमरे में स्वास्थ्य सेवाएं संचालित की जा रही थीं, जहां पर्याप्त सुविधाओं का अभाव था। इसके कारण मरीजों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। वहीं, प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. अमोद कुमार ने कहा कि कंजरी उप स्वास्थ्य केंद्र कई वर्षों से भवन के अभाव में संचालित हो रहा था। इस वजह से स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब अपना भवन उपलब्ध होने से ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य केंद्र में जिस भी सुविधा की कमी होगी, उसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा। साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पत्रकार सुमलेश कुमार की सक्रियता की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पत्रकार सुमलेश कुमार लगातार समाचार पत्रों एवं मौखिक रूप से कंजरी पंचायत में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के मुद्दे को उठाते रहे हैं। पंचायत के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से निजात दिलाने के लिए उनका प्रयास सराहनीय रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाने से प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग का ध्यान भी इन मुद्दों की ओर आकर्षित होता है। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. अमोद कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अभिनव विशाल, डीपीएम शैलेंद्र चंद्र, आरओ सत्यनारायण झा, प्रबंधक अशोक कुमार यादव, युवा जदयू के जिला अध्यक्ष आदित्य पटेल, सौरभ कुमार सहित दर्जनों ग्रामीण एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मी उपस्थित थे।