*संयुक्त अभियान में अधिकारियों ने दुकानदारों को दी चेतावनी, थाना अध्यक्ष बोले- अगली बार जेसीबी से हटाया जाएगा अतिक्रमण*
जगदूत न्यूज खगड़िया बिहार ब्यूरो चिप प्रभु जी खगड़िया नगर पंचायत मानसी के बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन की ओर से बार-बार अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन इसका असर जमीन पर दिखाई नहीं दे रहा है। गुरुवार की देर शाम मानसी बाजार में अतिक्रमण हटाने को लेकर सीओ लीलावती कुमारी, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अमर प्रकाश राय एवं मानसी थानाध्यक्ष दीपक कुमार के नेतृत्व में संयुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान अधिकारी भगवती स्थान से लेकर लोहिया चौक तक पहुंचे और दुकानदारों को सड़क एवं नाला से अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी। इसके बावजूद अभियान के दौरान किसी भी दुकान को सड़क से हटाया नहीं गया। ऐसे में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई महज समझाने-बुझाने तक सिमटकर रह गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट रूप से कहा कि कम से कम एसएच-95 सड़क के नाले तक ही दुकान लगाएं, ताकि सड़क पर आवागमन बाधित नहीं हो। इसके बावजूद दुकानदारों ने अपनी दुकानों को एक इंच भी पीछे नहीं किया। बाजार में सड़क किनारे दुकानें सजने से राहगीरों और वाहन चालकों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।*छह बार कार्रवाई के बाद भी नहीं बदली स्थिति*
स्थानीय राजा कुमार ने कहा कि मानसी बाजार में अतिक्रमण की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। प्रशासन की ओर से कई बार अभियान चलाया गया, लेकिन कार्रवाई का स्थायी असर नहीं दिख रहा है। वहीं राहगीर अमित यादव ने कहा कि लगातार छह बार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होने के बावजूद बाजार अब तक अतिक्रमण मुक्त नहीं हो सका है। अभियान के दौरान दुकानदारों को समझाया जाता है, लेकिन कुछ दिनों बाद स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है। इससे आम लोगों को रोजाना जाम और आवागमन की समस्या झेलनी पड़ती है।*अगली बार जेसीबी से हटाया जाएगा अतिक्रमण*
इस संबंध में मानसी थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने कहा कि फिलहाल बाजार के दुकानदारों को समझाया जा रहा है। उन्हें सड़क और नाले से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया है। इसके बावजूद यदि दुकानदार अतिक्रमण नहीं हटाते हैं तो अगली बार जेसीबी के माध्यम से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।