*विधायक कार्यालय में सरदार पटेल की 151वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनी*
जगदूत न्यूज खगड़िया बिहार ब्यूरो चिप प्रभु जी खगड़िया, 31 अक्टूबर शहर के कचहरी रोड स्थित जनता दल यूनाइटेड के सदर विधायक कार्यालय सभागार में शनिवार को देश के प्रथम उपप्रधानमंत्री एवं प्रथम गृह मंत्री, महान स्वतंत्रता सेनानी, भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। समारोह का उद्घाटन सदर विधायक एवं जदयू अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बबलू कुमार मंडल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर उपस्थित पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सरदार पटेल के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके सम्मान में गगनभेदी नारे लगाए।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल भारतीय एकता और अखंडता के अद्वितीय शिल्पकार थे। महात्मा गांधी के संपर्क में रहकर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और आजादी के बाद देश के प्रथम उपप्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री के रूप में राष्ट्र निर्माण में ऐतिहासिक योगदान दिया। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता, राजनीतिक सूझबूझ और कुशल नेतृत्व के बल पर देश की लगभग 562 देशी रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर भारत की एकता और अखंडता को मजबूत आधार दिया। विधायक ने कहा कि सरदार पटेल ने न केवल देश को राजनीतिक रूप से एकजुट किया, बल्कि भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) जैसी अखिल भारतीय सेवाओं की स्थापना में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यही कारण है कि उन्हें भारतीय सिविल सेवाओं का संरक्षक संत माना जाता है।
उन्होंने किसानों के हितों की रक्षा के लिए भी उल्लेखनीय संघर्ष किया। गुजरात के खेड़ा और बारडोली आंदोलनों के माध्यम से उन्होंने किसानों को संगठित कर उनके अधिकारों की आवाज बुलंद की। बारडोली सत्याग्रह में उनके नेतृत्व से प्रभावित होकर ही उन्हें ‘सरदार’ की उपाधि मिली। श्री मंडल ने कहा कि सरदार पटेल का पूरा जीवन देशसेवा, साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उनका व्यक्तित्व और विचार आज भी देशवासियों, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। राष्ट्रीय एकता दिवस मनाने का उद्देश्य केवल उन्हें याद करना नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और सामाजिक सद्भाव को बनाए रखने के प्रति अपनी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता को दोहराना भी है। उन्होंने सभी लोगों से सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाने और राष्ट्र की एकता को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाने की अपील की।
समारोह में प्रदेश सचिव नीलम वर्मा सहित जदयू नेताओं में दीपक सिन्हा, अनिल जायसवाल, आचार्य राकेश पासवान शास्त्री, संदीप केडिया, निर्मला कुमारी, फिरदोस आलम, अनुज शर्मा, पंकज चौधरी, पप्पू देव सिंह, रामप्रकाश सिंह, राजनीति प्रसाद सिंह, रूपेश कुमार उर्फ सहेन्द्र सिंह, अमरेंद्र कुमार सिंह, अंगद कुमार, सिद्धांत सिंह छोटू, राजीव कुमार ठाकुर, रंजन कुमार, परमेश्वर महतो, रविन्द्र पोद्दार, अशोक कुमार महतो, अजय भगत, मिथुन पटेल, बादल पटेल, सुजीत सिंह एवं गीता कुमारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। अंत में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों पर चलने तथा देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।




