*24 नवंबर को खेल भवन में आयोजित होने वाले नीतीश संवाद कार्यक्रम की सफलता को लेकर कार्यकर्ताओं से एकजुट होने की अपील*
*भदास में नीतीश परिचर्चा के दौरान विकास, सुशासन और जनकल्याण की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया गया संकल्प*
जगदूत न्यूज खगड़िया बिहार ब्यूरो चिप प्रभु जी खगड़िया, 19 नवंबर भदास दक्षिणी पंचायत के साधुबाबा स्थान परिसर में गुरुवार को आगामी 24 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले सुशासन दिवस सह नीतीश संवाद कार्यक्रम की तैयारी को लेकर जदयू की नीतीश परिचर्चा कार्यक्रम आयोजित की गई। सदर प्रखंड जदयू अध्यक्ष रामप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक सह जदयू अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बबलू कुमार मंडल शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रगतिशील बिहार के निर्माता नीतीश कुमार के 2005 से 2025 तक के कार्यकाल में विकास, सुशासन और सामाजिक बदलाव के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल हुईं। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, रोजगार, उद्योग, युवाओं को नौकरी तथा महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में संचालित योजनाओं और उपलब्धियों को उन्होंने विस्तार से कार्यकर्ताओं के समक्ष रखा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नीतीश कुमार के कार्यकाल की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी पहलों को गांव-गांव तथा जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही कहा कि आगामी 24 नवंबर को खगड़िया शहर स्थित खेल भवन में आयोजित होने वाला सुशासन दिवस सह नीतीश संवाद कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ भागीदारी सुनिश्चित करें। बैठक में कार्यक्रम की सफलता को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया तथा विकास, सुशासन और जनकल्याण के संदेश को आम लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। मौके पर जदयू अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश सिंह पटेल, जिला उपाध्यक्ष अविनाश पासवान, सुमित सिंह, जिला महासचिव कमल किशोर पटेल एवं नीलकमल पटेल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।




