*आईटीआई के दीक्षांत समारोह में सदर विधायक ने प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित, आत्मनिर्भर बनने का दिया संदेश*
जगदूत न्यूज खगड़िया बिहार ब्यूरो चिप प्रभु जी खगड़िया युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में संचालित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), खगड़िया में शनिवार को कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि सदर विधायक सह जदयू अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बबलू कुमार मंडल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार की ओर से विधायक का गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं सम्मान किया गया। समारोह में प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक एवं व्यावसायिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल शैक्षणिक डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि तकनीकी दक्षता, व्यावहारिक ज्ञान और हुनर ही युवाओं को रोजगार की दुनिया में मजबूत पहचान दिलाते हैं। आईटीआई जैसे तकनीकी शिक्षण संस्थान युवाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि हुनरमंद शिक्षा और कौशल विकास से न केवल युवाओं का भविष्य संवरेगा, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का मार्ग भी प्रशस्त होगा। आज तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं की मांग विभिन्न क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही है। ऐसे में विद्यार्थियों को अपने हुनर को निरंतर निखारने, नई तकनीकों को सीखने और मेहनत एवं अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की जरूरत है। विधायक ने प्रशिक्षित विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह केवल प्रशिक्षण पूरा होने का उत्सव नहीं, बल्कि जीवन में नई जिम्मेदारियों और संभावनाओं की शुरुआत है। संस्थान से अर्जित तकनीकी ज्ञान को व्यावहारिक जीवन में उतारकर युवा न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकते हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।इस बाबत हमारी एनडीए की सरकार पूरी तरह से संवेदनशील हैं।
उन्होंने सभी दीक्षांत प्राप्त छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य, बेहतर रोजगार के अवसरों और नई उपलब्धियों के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर परिश्रम, लगन, आत्मविश्वास और कौशल ही कामयाबी की असली पूंजी है। समारोह में सांसद गजाधर यादव,संस्थान के प्राचार्य शिवशंकर कनौजिया, विकास कुमार सिंह, रंजीत कुमार, अनुदेशक पुलकित ठाकुर,मो० जावेद आलम आदि पदाधिकारी, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




