*न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के संवैधानिक संकल्प को आत्मसात करें नागरिक : संविधान दिवस पर ग्रामीणों ने लिया जागरूकता का संकल्प*
जगदूत न्यूज खगड़िया बिहार ब्यूरो चिप प्रभु जी खगड़िया, 26 नवम्बर सदर प्रखंड के रहीमपुर मध्य पंचायत अंतर्गत ग्राम नन्हकू मंडल टोला में गुरुवार को भारतीय संविधान दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। मौके पर भारतीय संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और नमन किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय पूर्व मुखिया मक्खन साह ने की। इस अवसर पर मुख्य वक्ता दलित युवा संग्राम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने भारतीय संविधान के गौरवशाली इतिहास, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा नागरिकों के मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों पर विस्तार से चर्चा की। अपने ओजस्वी संबोधन में आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार स्तंभ है। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को यह पूर्ण रूप से लागू हुआ। हमारी केन्द्रीय सरकार ने वर्ष 2025 से आज के दिन संविधान दिवस मनाने का प्रस्ताव कैबिनेट से पारित की।इसी ऐतिहासिक स्मृति को अक्षुण्ण रखने के लिए प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। वर्ष 2026 में संविधान अंगीकृत किए जाने के 77 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्श भारतीय लोकतंत्र की आत्मा हैं। संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर और सामाजिक समानता का संवैधानिक आधार प्रदान किया है। हमें संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान एवं दूरदर्शी विचारों को सदैव स्मरण रखना चाहिए।
पूर्व मुखिया मक्खन साह ने कहा कि संविधान दिवस मनाने की सार्थकता तभी सिद्ध होगी, जब हम अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का भी निष्ठापूर्वक पालन करेंगे। समाज में भेदभाव, छुआछूत और असमानता को समाप्त कर संवैधानिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक परंपराओं और सामाजिक समरसता की रक्षा का संकल्प लेने की अपील की।
इस अवसर पर विवेकानंद कुमार उर्फ मंटून अधिवक्ता, रघुवंश प्रसाद यादव,मदर लैंड ट्रस्ट के प्रबंधक पप्पू कुमार, डॉ रंजन कुमार साह, विभूति कुमार ज्वाला, ऋषिदेव यादव, शम्भू साह,प्रशिक्षू शिक्षक हरिवंश कुमार, ऋतुराज,अमोद यादव एवं प्रशांत कुमार आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे।