*वाटर टैंकर से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में मौके से ही वाहन चालक सह मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया*
जगदूत न्यूज बाँका बिहार से दिलावर अंसारी की रिपोर्ट बिहार बांका कटोरिया बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से बांका उत्पाद विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार (19 नवंबर) को उत्पाद विभाग की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने चांदन प्रखंड स्थित दर्दमारा मद्यनिषेध जांच चौकी के समीप सघन वाहन जांच के दौरान एक वाटर टैंकर से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में मौके से ही वाहन चालक सह मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड की सीमा से शराब की एक बड़ी खेप तस्करी कर बिहार लाई जा रही है। सूचना मिलते ही निरीक्षक मद्यनिषेध सह उत्पाद थानाध्यक्ष (कटोरिया) जीवस कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने दर्दमारा जांच चौकी के पास बैरिकेडिंग कर आने-जाने वाले सभी वाहनों की सघन तलाशी शुरू कर दी।वाटर टैंकर के तहखाने में छिपाई गई थी शराब जांच के क्रम में पुलिस की नजर एक नीले रंग के ‘550 Di Ace’ ट्रैक्टर से जुड़े वाटर टैंकर पर पड़ी। संदेह होने पर जब टीम ने टैंकर की बारीकी से जांच की, तो उनके होश उड़ गए। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए पानी के टैंकर के भीतर एक बेहद शातिर गुप्त तहखाना बना रखा था। तहखाने को खोलने पर उसमें से विभिन्न नामी ब्रांडों की कुल 100 कार्टून (पेटियां) विदेशी शराब बरामद हुई। माप-तौल करने पर कुल 888.480 लीटर शराब पाई गई। खगड़िया का रहने वाला है गिरफ्तार तस्कर उत्पाद विभाग की टीम ने शराब और वाटर टैंकर सहित ट्रैक्टर को जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान खगड़िया जिले के गंगौर थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी कोठिया निवासी स्वर्गीय महावीर यादव के पुत्र श्रवण कुमार यादव के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी स्वयं ही इस वाहन का स्वामी भी है। आगे की कार्रवाई जारी उत्पाद थानाध्यक्ष जीवस कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी (अभियोग) दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि शराब की यह खेप कहां से लोड की गई थी और इसे खगड़िया या आसपास के किन इलाकों में खपाया जाना था। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य मुख्य सरगनाओं की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।