*कहा– सरकार की संवेदनशील व्यवस्था से आश्रितों को नहीं लगाना पड़ा कार्यालयों का चक्कर, अनुग्रह अनुदान राशि का सदुपयोग करें परिजन: विधायक बबलू मंडल*
जगदूत न्यूज खगड़िया बिहार ब्यूरो चिप प्रभु जी खगड़िया जिले के कासीमपुर एवं बछौता में बीते दिनों हुए अलग-अलग हादसों में जान गंवाने वाले चार मृतकों के आश्रितों को सदर विधायक एवं जदयू अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बबलू कुमार मंडल ने सरकारी अनुग्रह अनुदान के तहत चार-चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया। विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद आश्रित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। इस दौरान विधायक ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें ढांढ़स बंधाया। उल्लेखनीय है कि कासीमपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में आयुष कुमार, सिकन्दर सदा एवं नीतीश कुमार की डूबने से मृत्यु हो गई थी, जबकि श्रवण कुमार की जान सामूहिक सड़क दुर्घटना में चली गई थी। इन चारों मृतकों के आश्रितों में क्रमशः दुलारचन्द्र कुमार, पिता स्वर्गीय कमल सिंह, ग्राम कासीमपुर; मकांति देवी, पति स्वर्गीय सिकन्दर सदा, ग्राम सुगठिया, थाना गंगौर; संध्या देवी, पति नागेश्वर साह, ग्राम जहाँगीरा तथा उषा देवी, पति कैलाश ठाकुर, ग्राम बछौता, वार्ड संख्या-08 को चार-चार लाख रुपये का चेक सौंपा गया। इस अवसर पर विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि किसी परिवार के सदस्य को खोने की पीड़ा की भरपाई दुनिया की कोई भी आर्थिक सहायता नहीं कर सकती। यह सहायता राशि दुख की उस घड़ी में पीड़ित परिवारों को संबल प्रदान करने और उनकी तात्कालिक आर्थिक जरूरतों को पूरा करने का एक संवेदनशील सरकारी प्रयास है। हमारी सरकार ने ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की है कि आपदा अथवा दुर्घटना में किसी की असामयिक मृत्यु होने पर पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार जनकल्याण और संवेदनशील प्रशासन की नीति पर काम कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि जरूरतमंद और संकटग्रस्त परिवारों तक सरकारी योजनाओं एवं सहायता का लाभ पारदर्शी तरीके से समय पर पहुंचे। अनुग्रह अनुदान की यह राशि भी उसी प्रतिबद्धता का हिस्सा है। उन्होंने आश्रित परिवारों से आग्रह किया कि प्राप्त राशि का सदुपयोग बच्चों की पढ़ाई, परिवार की आवश्यकताओं तथा भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर करें, ताकि इस कठिन समय में परिवार को कुछ आर्थिक सहारा मिल सके। विधायक ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते पीड़ित परिवारों के सुख-दुख में शामिल होना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहना उनका दायित्व है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जरूरत पड़ने पर पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। मौके पर सदर अंचल अधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (डीपीआरओ), राजस्व कर्मचारी, नाजिर, मृतकों के परिजन तथा संबंधित पंचायतों के जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।