*स्वच्छता जीवन के हर पहलू को देती है सशक्त आकार: राकेश पासवान शास्त्री*
खगड़िया, 11 नवम्बर सदर प्रखंड के रहीमपुर मध्य पंचायत अंतर्गत नन्हकू मंडल टोला में छठ महापर्व को लेकर नव युवक संघ की ओर से व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। दलित युवा संग्राम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आचार्य राकेश पासवान शास्त्री, प्रोफेसर डॉ. विनय कुमार पासवान उर्फ बबलू, पूर्व मुखिया मक्खन साह एवं पूर्व सरपंच देवनन्दन प्रसाद यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने गांव की गलियों, मुख्य सड़कों और छठ घाट की साफ-सफाई की। इसके साथ ही गांव से सटे मृत गंगा धारा (मरगंग) धार का निरीक्षण कर जलस्तर की स्थिति का जायजा लिया गया। इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए आचार्य राकेश पासवान शास्त्री ने कहा कि छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि है। गहरे जलस्तर वाले स्थानों पर लाल झंडे लगाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालु सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सड़क और गलियों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि विचार, व्यवहार, पर्यावरण और सामाजिक वातावरण की निर्मलता भी इसका अभिन्न हिस्सा है। युवाओं को सूखे नशे से दूर रहकर तन-मन स्वस्थ रखने, शिक्षा ग्रहण करने तथा समाज में शांति, सौहार्द, भाईचारा और समरसता स्थापित करने का संकल्प लेना चाहिए। स्वच्छता ही स्वस्थ, सशक्त और समृद्ध समाज की आधारशिला है। प्रोफेसर डॉ. विनय कुमार पासवान ने कहा कि स्वच्छता अभियान स्वच्छ विचार और बेहतर सामाजिक व्यवस्था के निर्माण का प्रेरक संदेश देता है।
वहीं, पूर्व मुखिया मक्खन साह एवं पूर्व सरपंच देवनन्दन प्रसाद यादव ने कहा कि छठव्रतियों की सुविधा के लिए घाटों की सफाई अत्यंत आवश्यक है। मौके पर नव युवक संघ के अध्यक्ष रघुवंश प्रसाद यादव, उप सचिव शिक्षक संतोष पासवान, कोषाध्यक्ष शिक्षक वशिष्ठ पोद्दार, सह कोषाध्यक्ष डॉ. रंजन कुमार साह, निर्देशक शिक्षक संजीत साह, सह सचिव विभूति कुमार ज्वाला, ऋषिदेव यादव, शिक्षक जीवन शर्मा, पंकज यादव, हरिवंश कुमार, ऋतुराज, जितेंद्र यादव, हंसराज पोद्दार, शक्ति कुमार एवं सूर्यवंश कुमार सहित अन्य युवक संघ के सदस्य मौजूद थे।




