*महिला एवं पुरुष लाभुकों को घर के आकार वाली बड़ी प्रतीकात्मक चाबी सौंपकर उन्हें नए आवास की बधाई दी*
जगदूत न्यूज बाँका बिहार से दिलबर अंसारी की रिपोर्ट बांका प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत शनिवार को बांका समाहरणालय सभागार में गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के कई लाभुकों को उनके पक्के आवास की प्रतीकात्मक चाबी सौंपकर गृह प्रवेश कराया गया। अपने घर का सपना पूरा होने की खुशी लाभुकों के चेहरों पर साफ दिखाई दे रही थी।कार्यक्रम में मुख्य रूप से बांका विधायक मनोज यादव, जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल और नगर परिषद अध्यक्ष बालमुकुंद सिन्हा उपस्थित रहे। मंच पर मौजूद अतिथियों ने बारी-बारी से महिला एवं पुरुष लाभुकों को घर के आकार वाली बड़ी प्रतीकात्मक चाबी सौंपकर उन्हें नए आवास की बधाई दी।
कार्यक्रम को आकर्षक रूप देने के लिए समाहरणालय सभागार को तिरंगे रंग के गुब्बारों और फूलों से सजाया गया था। मंच के पीछे लगाए गए बड़े बैनर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की तस्वीर लगी हुई थी। बैनर पर ‘एनडीए सरकार का 1 साल पूर्ण’ अंकित था।
बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे और राज्य में एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास निर्माण की उपलब्धियों को सामने लाने के साथ लाभुकों के साथ खुशियां साझा की गईं। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक रूप से कमजोर और आवासविहीन परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है। योजना के तहत पात्र परिवारों को निर्धारित सरकारी सहायता दी जाती है, ताकि वे सुरक्षित और बेहतर आवास में रह सकें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आवास योजना के लाभुक, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। गृह प्रवेश के इस आयोजन में अपने पक्के घर का सपना साकार होने पर लाभुकों के बीच खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।