विद्यालय परिसर में गूंजते छठ के मधुर लोकगीतों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया
जगदूत न्यूज खगड़िया बिहार से कौशल कुमार का रिपोर्ट खगड़िया जिले के बेला सिमरी पंचायत स्थित ज्ञानदीप आवासीय विद्यालय परिसर में लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के उपलक्ष्य में एक अत्यंत भव्य और मनमोहक झांकी निकाली गई। इस विशेष आयोजन में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मकता से सभी का मन मोह लिया। झांकी में पारंपरिक और रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजे बच्चों ने भगवान भास्कर और छठी मइया की दिव्य प्रतिमाओं के साथ छठ घाट का बिल्कुल जीवंत दृश्य प्रस्तुत किया। हाथों में सूप, दउरा, गन्ना, फल और पूजा की पारंपरिक सामग्री लिए विद्यार्थियों ने इस महापर्व की महत्ता को बखूबी दर्शाया। इस दौरान पूरे विद्यालय परिसर में गूंजते छठ के मधुर लोकगीतों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। झांकी के माध्यम से स्वच्छता, जल संरक्षण और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का भी प्रेरक संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य श्री नारायण मिश्रा ने कहा कि इस तरह के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य बच्चों को अपनी समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जोड़ना है। उन्होंने छात्रों और शिक्षकों के इस सराहनीय प्रयास की जमकर प्रशंसा की। इस अद्भुत कार्यक्रम के अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी सदस्य,अभिभावक,छात्र ~छात्रा उपस्थित रहे।